देवभूमि देवघर में अगले साल से शुरू होगा डीपीएस, राज्यपाल ने रखी आधारशिला; आधुनिक शिक्षा का बनेगा उत्कृष्ट केंद्र

देवघर में दिल्ली पब्लिक स्कूल सोसायटी, नई दिल्ली के अंतर्गत संचालित दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) देवघर के नवीन भवन का शिलान्यास आज एक भव्य कार्यक्रम में झारखंड के माननीय राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार द्वारा किया गया। यह अवसर विद्यालय और शहर—दोनों के लिए ऐतिहासिक साबित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षा जगत के प्रतिनिधि, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, शिक्षकगण, छात्र तथा गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
शिक्षा समाज की सबसे बड़ी पूंजी: राज्यपाल
अपने संबोधन में राज्यपाल महोदय ने कहा कि डीपीएस देवघर न केवल शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण सेवाएँ प्रदान करेगा, बल्कि आधुनिक शिक्षा के नए आयाम स्थापित करेगा।
उन्होंने कहा—
“शिक्षा किसी भी समाज की सबसे बड़ी पूंजी है, और यह विद्यालय झारखंड के उज्जवल भविष्य की मजबूत नींव रखेगा।”

आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा नया परिसर
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि नए भवन में अत्याधुनिक कक्षाएँ, आधुनिक प्रयोगशालाएँ, समृद्ध पुस्तकालय, खेल परिसर और बहुउद्देशीय सभागार का निर्माण किया जाएगा।
यह परिसर छात्रों के शैक्षणिक, रचनात्मक और शारीरिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
डीपीएस विद्यार्थियों की प्रस्तुति से कार्यक्रम में चार चाँद
कार्यक्रम के अंत में डीपीएस देवघर के विद्यार्थियों ने योग-साधना और सांस्कृतिक प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया। उनकी प्रस्तुति को उपस्थित अतिथियों ने सराहा और राज्यपाल महोदय ने भी बच्चों की मेहनत और प्रतिभा की प्रशंसा की।
अप्रैल 2026 से शुरू होंगे शैक्षणिक सत्र
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया विद्यालय परिसर अप्रैल 2026 से शैक्षणिक कार्य शुरू करेगा।
नए सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया स्कूल की वेबसाइट www.dpsdeoghar.com पर उपलब्ध है।
अधिक जानकारी हेतु विद्यालय के हेल्पलाइन नंबर 9296786343 पर संपर्क किया जा सकता है।
समारोह में अनेक गणमान्य हुए शामिल
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गान के साथ हुआ। समारोह में सांसद, स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।
डीपीएस देवघर का नया भवन क्षेत्र में शिक्षा के विकास और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक नया अध्याय खोलने जा रहा है।
