डीपीएस बोकारो के अनमोल बने IAPT के एस्ट्रोनॉमी ओलंपियाड में झारखंड टॉपर,आदित्य ने बायोलॉजी में जगह बनाई

दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) बोकारो के विद्यार्थियों ने एक बार फिर अपनी असाधारण प्रतिभा से न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे झारखंड का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। भारतीय भौतिकी शिक्षक संघ (आईएपीटी) द्वारा आयोजित राष्ट्रीय मानक परीक्षाओं (NSE) 2025-26 में विद्यालय के दो छात्रों ने शानदार सफलता अर्जित की है।
होमी भाभा विज्ञान शिक्षा केंद्र (HBCSE), मुंबई के सहयोग से आयोजित इन प्रतिष्ठित परीक्षाओं में डीपीएस बोकारो के विद्यार्थियों ने खगोलिकी और जीव-विज्ञान विषयों में राज्य स्तर पर शीर्ष स्थान प्राप्त किया।
खगोलिकी में अनमोल ने किया झारखंड टॉप
विद्यालय के कक्षा 12 के मेधावी छात्र कुमार अनमोल ने नेशनल स्टैंडर्ड एग्जामिनेशन इन एस्ट्रोनॉमी (NSEA) में ग्रुप-ए के अंतर्गत झारखंड कोटे से चयनित पाँच विद्यार्थियों में प्रथम स्थान हासिल किया। अनमोल ने 118 अंक प्राप्त कर राज्य टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया।
इस शानदार सफलता के साथ अनमोल अब 31 जनवरी 2026 को आयोजित होने वाली भारतीय राष्ट्रीय खगोल विज्ञान ओलंपियाड (INAO) के दूसरे चरण में भाग लेगा। इस परीक्षा में सफल विद्यार्थियों को मुंबई स्थित होमी भाभा विज्ञान शिक्षा केंद्र में आयोजित ओरिएंटेशन-कम-सेलेक्शन कैंप में शामिल होने का अवसर मिलेगा। इसी कैंप के आधार पर चयनित पाँच विद्यार्थी भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए हनोई (वियतनाम) में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय खगोल विज्ञान एवं खगोल भौतिकी ओलंपियाड में भाग लेंगे।
जीव-विज्ञान में आदित्य की शानदार उपलब्धि
वहीं, कक्षा 12 के ही होनहार छात्र आदित्य मिश्रा ने नेशनल स्टैंडर्ड एग्जामिनेशन इन बायोलॉजी (NSEB) में ग्रुप-ए के अंतर्गत सफलता हासिल की। झारखंड कोटे से चयनित चार विद्यार्थियों में आदित्य ने अपनी जगह सुनिश्चित की और 96 अंक प्राप्त किए।
अब आदित्य 01 फरवरी 2026 को आयोजित होने वाली भारतीय राष्ट्रीय जीव-विज्ञान ओलंपियाड (INBO) में प्रतिभाग करेगा।
प्राचार्य ने दी बधाई
विद्यार्थियों की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए दोनों छात्रों को बधाई दी और आगामी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय ओलंपियाड के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि डीपीएस बोकारो विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करने के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहा है। यही कारण है कि यहां के छात्र निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र की गरिमा बढ़ा रहे हैं।
कंप्यूटर इंजीनियर बनने का सपना देख रहे अनमोल
चास स्थित आईटीआई कॉलेज में प्रशिक्षण पदाधिकारी रवि रंजन कुमार एवं गृहिणी कुमारी रंजना के पुत्र कुमार अनमोल एरोबिक्स और पजल सॉल्विंग में भी रुचि रखते हैं। वे पूर्व राष्ट्रपति एवं मिसाइल मैन डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम को अपना आदर्श मानते हैं और भविष्य में एक सफल कंप्यूटर इंजीनियर बनना चाहते हैं।
अनमोल ने संदेश देते हुए कहा कि “असफलता कभी स्थायी नहीं होती, बल्कि यह और अधिक मेहनत करने की प्रेरणा देती है।”
उल्लेखनीय है कि अनमोल वर्ष 2023 में सीबीएसई साइंस चैलेंज में पूरे झारखंड में प्रथम स्थान प्राप्त कर चुका है। इसके अलावा NSTSE (AIR-1), ISTSE (AIR-3), सिंगापुर एशियन स्कूल्स मैथ ओलंपियाड में गोल्ड मेडल सहित कई राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियां उसके नाम दर्ज हैं।
मानवता की सेवा करना चाहते हैं आदित्य
सेल की रिफ्रैक्ट्री यूनिट (SRU) में मुख्य महाप्रबंधक (वित्त) प्रजेश चन्द्र मिश्रा एवं गृहिणी सस्मिता मिश्रा के पुत्र आदित्य मिश्रा का सपना एक सफल डॉक्टर बनकर मानवता की सेवा करना है।
आदित्य वर्ष NSEJS-2022 में पूरे झारखंड से अकेले चयनित छात्र रहे थे। इसके अतिरिक्त उन्हें विभिन्न ओलंपियाडों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बेस्ट ओलंपियाड विनर, SOF शैक्षणिक उत्कृष्टता छात्रवृत्ति, नेशनल साइंस ओलंपियाड में जोनल रैंक-1, तथा क्रिप्टिक क्रॉसवर्ड में राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान जैसे कई सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। आदित्य को फुटबॉल और कबड्डी खेलना भी पसंद है।
Dear Students & Parents of Std 8 to 12- One Stop solution for career counseling – Vikas Kumar @ Psychographic Society -city center -club Road Ranchi
For more information call – 9570795071/9709534303
For Counselling Program Details – Click
Also Read-
