डीपीएस बोकारो के अयांश और यशवी ने जिला स्तरीय ताइक्वांडो में दिखाया दम, एसजीएफआई राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित

दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), बोकारो के दो प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं ने जिला स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर स्वर्ण और रजत पदक अपने नाम किए हैं। कक्षा एक के अयांश पुंज और कक्षा चार की यशवी प्रिया अब स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बोकारो जिला और अपने विद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे।
अयांश पुंज ने अपनी उम्र से कहीं अधिक परिपक्वता दिखाते हुए अब तक तीन स्वर्ण और एक रजत पदक हासिल किए हैं। हाल ही में चास में आयोजित प्रथम दिशोम गुरु जिला स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में उन्होंने रजत पदक जीता। इससे पहले वे 31वीं और 32वीं बोकारो जिला ताइक्वांडो प्रतियोगिताओं तथा तीसरी अंतर-विद्यालयीय जिला ताइक्वांडो प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक प्राप्त कर चुके हैं।
वहीं यशवी प्रिया ने भी अपनी खेल प्रतिभा से सबको प्रभावित किया है। उन्होंने प्रथम दिशोम गुरु जिला स्तरीय प्रतियोगिता, 31वीं और 32वीं बोकारो जिला ताइक्वांडो प्रतियोगिता, और तीसरी अंतर-विद्यालयीय जिला प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर अपना दबदबा कायम रखा है। इसके साथ ही उन्होंने 23वीं राज्य स्तरीय सब-जूनियर एवं जूनियर ताइक्वांडो चैम्पियनशिप में रजत पदक भी अपने नाम किया है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार ने दोनों विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके माता-पिता की सराहना की और कहा, “विद्यालय हर संभव प्रयास करता है ताकि विद्यार्थियों को सर्वांगीण विकास का अवसर मिले। हमें गर्व है कि अयांश और यशवी ने न केवल विद्यालय बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन किया है।”
डॉ. गंगवार ने दोनों खिलाड़ियों को आगामी राज्य स्तरीय एसजीएफआई प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया, जो इस महीने के अंत में रांची में आयोजित की जाएगी।






