डॉ. जया चौहान बनीं डीपीएस रांची की नई प्राचार्या, दो दशकों से जुड़ी रही हैं विद्यालय से

रांची, 14 मई: दिल्ली पब्लिक स्कूल सोसाइटी, नई दिल्ली ने डॉ. जया चौहान को आधिकारिक रूप से डीपीएस रांची की नई प्राचार्या नियुक्त किया है। करीब दो दशकों तक विद्यालय से जुड़ी रहीं डॉ. चौहान एक अनुभवी शिक्षाविद् हैं, जो इससे पूर्व डीपीएस राउरकेला की प्राचार्या के रूप में सफलता पूर्वक नेतृत्व कर चुकी हैं।
जानी-पहचानी शिक्षिका, सिद्ध नेतृत्व क्षमता
डॉ. जया चौहान डीपीएस रांची के लिए कोई नया नाम नहीं हैं। उन्होंने लगभग 20 वर्षों तक अंग्रेज़ी विषय की वरिष्ठ शिक्षिका के रूप में सेवाएं दी हैं। इस दौरान उन्होंने अकादमिक इंचार्ज, टाइम टेबल इंचार्ज और गतिविधि इंचार्ज जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया। उनके नेतृत्व में विद्यालय में कई नवाचार हुए और शैक्षणिक स्तर पर नई ऊंचाइयां हासिल की गईं।
उनकी एक उल्लेखनीय उपलब्धि डीपीएस रांची को आधिकारिक SAT सेंटर के रूप में स्थापित करना रही, जिससे विद्यार्थियों को वैश्विक शैक्षणिक अवसरों तक पहुंच मिली।
राउरकेला में सफलता और पुनः वापसी
उनकी नेतृत्व क्षमता को देखते हुए डीपीएस सोसाइटी ने उन्हें डीपीएस राउरकेला की प्राचार्या नियुक्त किया था। वहाँ उनके अल्पकालिक कार्यकाल के दौरान विद्यालय ने उल्लेखनीय शैक्षणिक सफलता प्राप्त की और SAT सेंटर के रूप में मान्यता प्राप्त की। अनुशासन और छात्र विकास पर उनका विशेष ध्यान स्कूल की प्रगति में सहायक रहा।
डीपीएस रांची में आशा की नई किरण
डॉ. चौहान की पुनः डीपीएस रांची में वापसी का स्वागत छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक किया है। विद्यालय समुदाय को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में डीपीएस रांची एक बार फिर शैक्षणिक उत्कृष्टता और समग्र विकास की दिशा में नई उपलब्धियाँ हासिल करेगा।
अपने व्यापक अनुभव, दूरदर्शिता और छात्र-केंद्रित दृष्टिकोण के साथ डॉ. जया चौहान निश्चित ही विद्यालय को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगी।